घुग्घुस में सोनम वांगचुक के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब
हजारों लोगों की हुंकार, शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उठी मांग; केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग———————————————
घुग्घुस :
चंद्रपुर जिले के घुग्घुस शहर में सोमवार को सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में विशाल जनरैली निकाली गई। घुग्घुस परिवार, छात्र-छात्राओं तथा विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर शिक्षा व्यवस्था में सुधार की जोरदार मांग उठाई।
सुबह 11 बजे गांधी चौक से शुरू हुई रैली बैंक ऑफ इंडिया, पुलिस थाना मार्ग से होते हुए बस स्टैंड चौक तक पहुंची। पूरे मार्ग में प्रदर्शनकारियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्रों के अधिकारों की मांग की। रैली को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पूरे मार्ग पर कड़ा सुरक्षा बंदोबस्त किया था।
रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही पारदर्शी, निष्पक्ष और छात्र-केंद्रित परीक्षा प्रणाली लागू करने तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रभावी शिक्षा नीति बनाने की मांग भी उठाई गई।
इस जनआंदोलन में कांग्रेस, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पदाधिकारी व कार्यकर्ता, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, महिलाएं और नागरिक शामिल हुए। शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित इस रैली ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंताओं और जागरूकता को एक बार फिर सामने ला दिया।