जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में घुग्घूस बंद, सर्वदलीय विरोध प्रदर्शन संपन्न
नीट पेपर लीक और छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में बाजार रहा बंद, गांधी चौक पर छात्रों को दी श्रद्धांजलि
———————————————
घुग्घूस :
दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के दौरान हुई कथित पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को घुग्घूस शहर में सर्वदलीय बंद का आयोजन किया गया। आंदोलनकारियों की अपील पर शहर के अधिकांश व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया।
आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक प्रकरण के कारण देशभर में कई छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। इसी मुद्दे को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता एवं वैज्ञानिक सोनम वांगचुक के समर्थन में जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण आंदोलन चल रहा था। आंदोलनकारियों का दावा है कि पुलिस ने आंदोलन स्थल से सोनम वांगचुक को जबरन हटाया तथा प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि छात्रों की मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराने पहुंचे लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ भी पुलिस ने सख्ती बरती। इसी के विरोध में घुग्घूस शहर में बंद का आह्वान किया गया।
बंद के दौरान आंदोलनकारियों ने शहरभर में भ्रमण कर व्यापारियों से दुकानें बंद रखने की अपील की, जिसे व्यापक समर्थन मिला। इसके बाद गांधी चौक पर एकत्र होकर कथित रूप से आत्महत्या करने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की गई।
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस अध्यक्ष राजू रेड्डी ने किया। इस दौरान नगराध्यक्ष दीप्ती सोनटक्के, वरिष्ठ नेता शामराव बोबडे, सैय्यद अनवर, रोशन पचारे, नुरूल सिद्दीकी, वंचित बहुजन आघाड़ी के नागेश पथाडे, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के हेमराज बावणे, अमित बोरकर, रोशन दंतलवार, नगरसेवक दिलीप पिट्टलवार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी, नगरसेवक, नगरसेविकाएं एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।