Home Breaking News लॉयड्स इन्फिनाइट फाउंडेशन ने घुग्घुस में शुरू किया चित्रकला, डिजाइन एवं रोजगार...

लॉयड्स इन्फिनाइट फाउंडेशन ने घुग्घुस में शुरू किया चित्रकला, डिजाइन एवं रोजगार कौशल प्रशिक्षण

52

लॉयड्स इन्फिनाइट फाउंडेशन ने घुग्घुस में शुरू किया चित्रकला, डिजाइन एवं रोजगार कौशल प्रशिक्षण



ग्रामीण युवाओं को मिलेगा सात माह का निःशुल्क प्रशिक्षण, 83 ने कराया पंजीकरण, 30 प्रतिभागियों का होगा चयन


घुग्घुस, 25 जुलाई। ग्रामीण क्षेत्र के युवक-युवतियों को आधुनिक कौशल से जोड़कर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लॉयड्स इन्फिनाइट फाउंडेशन एवं आर्टेंट एजुकेशन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में घुग्घुस में सात माह के ‘चित्रकला, सृजनात्मक कला, डिजाइन एवं रोजगार कौशल’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत 25 और 26 जुलाई को जी.डी. गोयंका लॉयड्स पब्लिक स्कूल, घुग्घुस में आयोजित दो दिवसीय परिचय एवं मार्गदर्शन सत्र से हुई।

आज के दौर में चित्रकला, डिजाइन, डिजिटल मीडिया तथा कंप्यूटर आधारित रचनात्मक कौशल की बढ़ती मांग को देखते हुए उसगांव, मूर्स, बेलसणी, साखरवाही, शेनगांव, पांढरकवड़ा, नकोडा और घुग्घुस क्षेत्र के 17 वर्ष से अधिक आयु के युवक-युवतियों के लिए यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है, ताकि उन्हें अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त हो सके और रोजगार, स्वरोजगार तथा रचनात्मक क्षेत्रों में करियर बनाने का अवसर मिल सके।

प्रशिक्षण के पहले दो दिनों में विद्यार्थियों के लिए डिजाइन थिंकिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन लॉयड्स मेटल्स एंड एनर्जी लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रशांत पुरी ने किया। वहीं आर्टेंट एजुकेशन फाउंडेशन की सह-संस्थापक अरुणिमा सेनगुप्ता ने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की जानकारी देते हुए रचनात्मक क्षेत्र में उपलब्ध करियर के विभिन्न अवसरों से अवगत कराया।

कार्यशाला में प्रतिभागियों को रचनात्मक सोच विकसित करने, समस्याओं का समाधान खोजने, नवीन विचार प्रस्तुत करने, टीम के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करने तथा डिजाइन के माध्यम से व्यावहारिक समस्याओं के समाधान का प्रशिक्षण दिया गया। विभिन्न गतिविधियों, समूह चर्चाओं और व्यावहारिक अभ्यासों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर स्थानीय एवं राष्ट्रीय स्तर के क्रिएटिव विशेषज्ञों के साथ विशेष पैनल चर्चा भी आयोजित की गई। इसमें ग्राफिक डिजाइन, विजुअल कम्युनिकेशन, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, वीडियो एडिटिंग, ब्रांडिंग, विज्ञापन, एनीमेशन, इवेंट मैनेजमेंट तथा फ्रीलांस करियर की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही तेजी से विकसित हो रहे क्रिएटिव उद्योगों में कौशल के महत्व और रोजगार के नए अवसरों पर भी मार्गदर्शन किया गया।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रशांत पुरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में रचनात्मक कौशल की मांग लगातार बढ़ रही है। उन्होंने युवाओं से नई तकनीक और कौशल सीखने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को युवाओं का उत्साहजनक प्रतिसाद मिला है। अब तक कुल 83 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। सभी अभ्यर्थियों का व्यक्तिगत साक्षात्कार लिया जाएगा, जिसके बाद 30 विद्यार्थियों का अंतिम चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को सात माह का संपूर्ण निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान ड्राइंग, स्केचिंग, पेंटिंग, ओरिगामी, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, वीडियो एडिटिंग, लोगो डिजाइन, ब्रांडिंग तथा पोर्टफोलियो निर्माण का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, औद्योगिक भ्रमण, लाइव प्रोजेक्ट्स, इंटर्नशिप, प्लेसमेंट सहायता, व्यक्तित्व विकास, संवाद कौशल और साक्षात्कार की तैयारी भी कराई जाएगी।

लॉयड्स इन्फिनाइट फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण तथा ग्रामीण विकास के क्षेत्र में लगातार सामाजिक पहल कर रहा है। फाउंडेशन का मानना है कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण युवाओं को आधुनिक कौशल, रोजगार के नए अवसर और उज्ज्वल भविष्य की दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here