ईद-ए-मिलाद, जन्माष्टमी, पोला और गणेशोत्सव को लेकर कानून-व्यवस्था की समीक्षा
शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील
वरोरा, प्रतिनिधि। आगामी ईद-ए-मिलाद, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, पोला और गणेशोत्सव के मद्देनजर वरोरा में कानून-व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक चंद्रपुर के पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान निकलने वाली मिरवणुका और जुलूस, यातायात व्यवस्था, ध्वनि प्रदूषण, सुरक्षा व्यवस्था तथा प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों के पालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस प्रशासन ने सभी समाज के नागरिकों से अपील की कि त्योहारों को शांति, उत्साह, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाएं। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाहों पर विश्वास न करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन और पुलिस का सहयोग करें।
बैठक में सांसद प्रतिभाताई धानोरकर, पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, उपविभागीय पुलिस अधिकारी संतोष बाखल, उपविभागीय अधिकारी संदीप भस्के, पुलिस निरीक्षक ओमप्रकाश सोनटक्के, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अभय लोहे, सिद्धार्थ मेश्राम, नगराध्यक्ष अर्चनाताई ठाकरे, उपनगराध्यक्ष योगिताताई नेरकर सहित शांति समिति के सदस्य, पत्रकार और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि आगामी सभी त्योहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सामाजिक एकता के माहौल में संपन्न हों, इसके लिए आवश्यक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
वरोरा की शांति, भाईचारा और सामाजिक एकता कायम रखने के लिए नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।










