घुग्घुस के ख्रिस्त दफनभूमि परिसर में लॉयड्स इन्फीनाइट फाउंडेशन का वृक्षारोपण
पर्यावरण संरक्षण को लेकर हरित पहल; डॉ. विद्या पाल की प्रमुख उपस्थिति
घुग्घुस : पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और घुग्घुस परिसर को अधिक हराभरा एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से लॉयड्स इन्फीनाइट फाउंडेशन की ओर से ख्रिस्त दफनभूमि परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में लॉयड्स इन्फीनाइट फाउंडेशन की सहायक महाप्रबंधक डॉ. विद्या पाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। उनके साथ नगर परिषद घुग्घुस के नगरसेवक निरीक्षण तांड्रा, चर्च के फादर, फाउंडेशन के वरिष्ठ अधिकारी अनुराग मत्ते, श्रीरंग पोतराजे, श्रुमीत गोरे, दफनभूमि समिति के सदस्य तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। मान्यवरों के हाथों विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर अभियान की शुरुआत की गई।
हरियाली के साथ परिसर के सौंदर्यीकरण पर जोर
वृक्षारोपण के दौरान दफनभूमि परिसर में छायादार और पर्यावरण के लिए उपयोगी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। फाउंडेशन का उद्देश्य केवल परिसर का सौंदर्यीकरण करना ही नहीं, बल्कि भविष्य में यहां आने वाले नागरिकों को हरियाली से भरपूर और शांत वातावरण उपलब्ध कराना भी है।
इस अवसर पर डॉ. विद्या पाल ने कहा कि सिर्फ पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे का संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। पर्यावरण संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि लॉयड्स इन्फीनाइट फाउंडेशन की ओर से शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लगातार सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं तथा भविष्य में भी घुग्घुस और आसपास के क्षेत्रों में ऐसे हरित उपक्रमों को प्राथमिकता दी जाएगी।
फाउंडेशन की पहल की सराहना
नगरसेवक निरीक्षण तांड्रा ने लॉयड्स इन्फीनाइट फाउंडेशन की इस पर्यावरणपूरक पहल की सराहना करते हुए घुग्घुस परिसर में सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में फाउंडेशन के अधिकारी-कर्मचारी, चर्च पदाधिकारी, ख्रिस्त समाज के नागरिक, दफनभूमि समिति के सदस्य और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हुए भविष्य में भी ऐसे पर्यावरणपूरक अभियानों को सहयोग देने की भावना व्यक्त की।










