भीमाशंकर के विकास में योगदान देना महादेव का आशीर्वाद : सुधीर मुनगंटीवार
श्रीक्षेत्र भीमाशंकर में विधायक मुनगंटीवार ने किए भगवान ज्योतिर्लिंग के दर्शन व अभिषेक; 148 करोड़ रुपये के विकास आराखड़े को मंजूरी दिलाने का जताया संतोष
पुणे : श्रीक्षेत्र भीमाशंकर पहुंचकर विधायक एवं पूर्व वित्त मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने भगवान श्री भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर विधिवत अभिषेक किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महादेव की पावन नगरी भीमाशंकर के विकास में योगदान देने का अवसर मिलना उनके लिए परम सौभाग्य और भगवान महादेव का आशीर्वाद है।
मुनगंटीवार ने कहा कि वित्त मंत्री के कार्यकाल के दौरान श्रीक्षेत्र भीमाशंकर के सर्वांगीण विकास के लिए 148 करोड़ रुपये के महत्वाकांक्षी विकास आराखड़े को मंजूरी दिलाने का अवसर मिला। यह केवल प्रशासनिक निर्णय नहीं था, बल्कि भगवान महादेव की सेवा का एक माध्यम था। आज विकास कार्यों के चलते भीमाशंकर का बदलता और भव्य स्वरूप देखकर उन्हें विशेष संतोष हो रहा है।
जनसेवा का संकल्प और मजबूत करने की प्रार्थना
भगवान महादेव के चरणों में नतमस्तक होते हुए मुनगंटीवार ने जनसेवा का संकल्प और मजबूत करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि जीवन में कितनी भी चुनौतियां आएं, महादेव के प्रति उनकी श्रद्धा अडिग बनी रहे और जनकल्याण के लिए कार्य करने की ऊर्जा निरंतर मिलती रहे।
उन्होंने कहा कि सह्याद्री की गोद में बसे इस पवित्र क्षेत्र के विकास में अपनी भूमिका निभाने का अवसर उनके लिए अविस्मरणीय है। विकास कार्यों के माध्यम से भीमाशंकर का भव्य रूप साकार होते देख मन कृतार्थ हो रहा है।
देवस्थान की ओर से किया गया सत्कार
इस अवसर पर श्रीक्षेत्र भीमाशंकर देवस्थान के अध्यक्ष सुरेश कौदरे ने विधायक सुधीर मुनगंटीवार का सत्कार किया। विकास आराखड़े को लेकर देवस्थान की ओर से व्यक्त की गई कृतज्ञता की भावना मन को छू लेने वाली थी, ऐसा मुनगंटीवार ने कहा।
कार्यक्रम में देवस्थान के ट्रस्टी मधुकर गव्हांदे, पुजारी राहुल कोडीलकर, घोडेगांव के युवा उद्यमी अमर काळे, योगेश तळेकर, उद्यमी प्रदीप ठाकूर तथा दत्तात्रय हिले सहित अन्य उपस्थित थे।










