Home Breaking News शिवराज मोरे पर कथित हमले को लेकर आमदार विजय वडेट्टीवार आक्रामक

शिवराज मोरे पर कथित हमले को लेकर आमदार विजय वडेट्टीवार आक्रामक

62

शिवराज मोरे पर कथित हमले को लेकर आमदार विजय वडेट्टीवार आक्रामक



मुख्यमंत्री फडणवीस को पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग


चंद्रपुर/नागपुर, 10 सितंबर 2026। महाराष्ट्र प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष शिवराज मोरे पर 9 सितंबर को नागपुर में आंदोलन के दौरान हुए कथित हमले को लेकर कांग्रेस नेता एवं ब्रह्मपुरी विधायक विजय वडेट्टीवार ने मुख्यमंत्री तथा गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र भेजकर मामले में तत्काल और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

वडेट्टीवार ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को संविधान की प्रति सौंपने के लिए जा रहे युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोका गया और इसी दौरान शिवराज मोरे पर एक व्यक्ति ने हमला किया। उन्होंने दावा किया कि हमलावर ने हेलमेट पहन रखा था और वह पुलिसकर्मी के रूप में मौके पर मौजूद था।

वडेट्टीवार ने इस घटना को लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के संवैधानिक अधिकार से जोड़ते हुए कहा कि मामले को राजनीतिक विवाद के रूप में नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा के गंभीर विषय के रूप में देखा जाना चाहिए।

CCTV और मोबाइल वीडियो सुरक्षित करने की मांग

विजय वडेट्टीवार ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि घटना से संबंधित CCTV फुटेज, मोबाइल वीडियो, फोटो, मीडिया फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक एवं भौतिक साक्ष्यों को तत्काल सुरक्षित किया जाए। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों तथा घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जाएं।

उन्होंने शिवराज मोरे की मेडिकल जांच और आवश्यक होने पर मेडिकल रिपोर्ट को भी जांच का हिस्सा बनाने की मांग की है।

FIR और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

पत्र में वडेट्टीवार ने कहा है कि जांच के आधार पर घटना में शामिल व्यक्ति या व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 तथा अन्य लागू कानूनों के तहत FIR दर्ज कर कार्रवाई की जाए। उन्होंने हमले में शामिल कथित व्यक्ति की पहचान कर उसे तत्काल गिरफ्तार करने तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

यदि जांच में अन्य लोगों की भूमिका, चिथावणी, पूर्वनियोजन या सहायता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की गई है।

आंदोलनकारियों की सुरक्षा पर भी जोर

वडेट्टीवार ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए शांतिपूर्ण आंदोलनों और राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक पुलिस बंदोबस्त एवं प्रतिबंधात्मक उपाय करने की मांग की है।

उन्होंने मुख्यमंत्री और गृहमंत्री से संबंधित पुलिस अधिकारियों को तत्काल निर्देश देकर मामले में कठोर, निष्पक्ष और कानून के अनुसार कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

पत्र की प्रतियां महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक, नागपुर शहर के पुलिस आयुक्त और संबंधित पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक को भी भेजी गई हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here