घुग्घुस में उत्साह के साथ मनाया गया तान्हा पोळा उत्सव, नंदीबैल सजावट प्रतियोगिता ने मोहा मन
गांधी चौक में बच्चों ने रंग-बिरंगे और आकर्षक नंदीबैल सजाकर दिखाई अपनी कला
घुग्घुस, 11 सितंबर 2026। पारंपरिक संस्कृति, ग्रामीण जीवनशैली और किसान परंपरा से नई पीढ़ी को जोड़ने के उद्देश्य से घुग्घुस में तान्हा पोळा उत्सव 2026 के अवसर पर आकर्षक नंदीबैल सजावट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
तान्हा पोळा, गणपति एवं दुर्गाउत्सव आयोजन समिति, घुग्घुस तथा भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में शुक्रवार शाम गांधी चौक में आयोजित इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
चिमुकले बच्चों ने विभिन्न रंगों, फूलों, पारंपरिक वस्त्रों और आकर्षक कलात्मक सजावट के माध्यम से अपने-अपने नंदीबैल को सुंदर रूप दिया। बच्चों की प्रतिभा और आकर्षक सजावट को देखने के लिए गांधी चौक परिसर में नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
प्रतियोगिता में रंग-बिरंगी सजावट, फूलों की कलात्मक साज-सज्जा और पारंपरिक स्वरूप ने कार्यक्रम की रौनक बढ़ा दी। इस अवसर पर अभिभावकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर प्रीतम डोंगरे ने कहा कि, “तान्हा पोळा केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि हमारी मिट्टी की संस्कृति और किसान जीवन की भावनाओं का प्रतीक है। आज के डिजिटल युग में बच्चों को अपनी मिट्टी, संस्कृति और पारंपरिक त्योहारों से जोड़े रखना बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में अपनी संस्कृति के प्रति प्रेम और गर्व की भावना जागृत होती है।”
कार्यक्रम के माध्यम से नई पीढ़ी को ग्रामीण संस्कृति, किसान जीवन और पारंपरिक त्योहारों से जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया गया। गांधी चौक में आयोजित इस तान्हा पोळा उत्सव ने बच्चों के साथ-साथ नागरिकों में भी उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया।









