गणेशोत्सव सांस्कृतिक कार्यक्रम में बिखरी कला की रंगारंग छटा
प्रियदर्शिनी सभागृह में कलाकारों, विद्यार्थियों और अधिकारियों ने दी शानदार प्रस्तुतियां
चंद्रपुर, 26 सितंबर। राज्य शासन के सांस्कृतिक कार्य विभाग, सांस्कृतिक कार्य संचालनालय और जिला प्रशासन चंद्रपुर के संयुक्त तत्वावधान में प्रियदर्शिनी सांस्कृतिक सभागृह में ‘गणेशोत्सव सांस्कृतिक कार्यक्रम’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों, विद्यार्थियों तथा शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों ने विभिन्न कलाओं की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
कार्यक्रम की शुरुआत सात वर्षीय कृष्णा गादेवार ने गणराय का गजर गीत प्रस्तुत कर की। इसके बाद देवदत्त सातपुते ने पुरुष और महिला दोनों आवाजों का अनूठा संगम प्रस्तुत करते हुए अपनी गायकी से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। हितांशी भालेकर ने नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि विजेंद्र टेंभुर्डे एवं उनके कलाकारों ने कथक की शानदार प्रस्तुति दी।
विद्यानिकेतन स्कूल के किरण गीते व सहयोगियों ने समूह नृत्य प्रस्तुत किया। किरण खोब्रागडे व उनके साथियों ने भी सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति दी। लोकमान्य तिलक गर्ल्स प्राथमिक स्कूल की सुनीता नागभीडकर ने भी नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया।
चंद्रपुर महानगरपालिका के अभियंता रवींद्र हजारे तथा सुरेश भालेकर ने गीत प्रस्तुत किए। उपकृषि अधिकारी ज्योति कार्लेकर ने एकपात्री अभिनय से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं राजुरा की गोपिकाबाई सांगडा पाटील आश्रमशाला के विद्यार्थियों ने समूह नृत्य प्रस्तुत किया।
मूल नगर परिषद के तुषार मोटघरे, बल्लारपुर नगर परिषद की उपमुख्याधिकारी संगीता उमरे और प्रणाली पाटील ने भी नृत्य की प्रस्तुति दी। स्थानीय कलाकारों, विद्यार्थियों और शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों ने एक से बढ़कर एक कलाविष्कार प्रस्तुत कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
इससे पहले जिलाधिकारी वसुमना पंत के हाथों दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी डॉ. नितीन व्यवहारे, उपविभागीय अधिकारी विशालकुमार मेश्राम, निवासी उपजिलाधिकारी दगडू कुंभार, उपजिलाधिकारी शुभम दांडेकर, अतुल जटाळे, उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी मीना साळुंखे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन सपना पिंपळकर ने किया। कार्यक्रम के आयोजन में रोजगार हमी योजना (रोहयो) कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें नायब तहसीलदार गीता उत्तरवार, सहायक कार्यक्रम अधिकारी विक्रांत जोशी, निशा मेश्राम और वैशाली बावनकर शामिल रहे।
कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को मान्यवरों के हाथों पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।










