
स्कूल बस स्टैंड बना शराबियों का अड्डा!
सुभाष नगर में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा, महिला और स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा
घुग्घुस (चंद्रपुर)।
चंद्रपुर जिले के घुग्घुस स्थित सुभाष नगर स्कूल बस स्टैंड का शेड इन दिनों शराबियों और हुड़दंगियों का अड्डा बनता जा रहा है। स्कूल बस का इंतजार करने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए बनाया गया यह शेड अब कथित तौर पर शराबखोरी, गाली-गलौज और देर रात तक हंगामे का ठिकाना बन गया है। इस स्थिति को लेकर पालक वर्ग और स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, वेकोलि कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों के कुछ बुजुर्ग एवं युवा लोग दिन-रात स्कूल बस स्टैंड के शेड के नीचे बैठकर खुलेआम शराब पीते हैं। शराब के साथ चखना और पानी की बोतलें लाकर घंटों जमावड़ा लगाए रखते हैं। शराब पीने के बाद कांच की बोतलें शेड के नीचे ही फेंक दी जाती हैं, जिससे परिसर में कांच के टुकड़ों का ढेर लग रहा है।
शराबखोरी के बाद आगजनी और देर रात तक हंगामा!
हैरानी की बात यह है कि ठंड के मौसम में कुछ हुड़दंगी शेड के नीचे ही आग जलाकर देर रात तक शोर-शराबा, गाली-गलौज और आपसी झगड़े करते हैं। बस स्टैंड परिसर में चारों तरफ शराब की बोतलें, पानी की खाली बोतलें, डिस्पोजल और चखने के पैकेट बिखरे दिखाई देते हैं। इससे न केवल परिसर की स्वच्छता प्रभावित हो रही है, बल्कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
महिलाओं और छात्राओं में असुरक्षा की भावना!
जिस स्थान पर छोटे-छोटे बच्चे स्कूल बस का इंतजार करते हैं, उसी जगह शराबियों का जमावड़ा होना बेहद चिंताजनक है। सुबह और शाम बस का इंतजार करने वाली महिला अभिभावकों, छात्राओं और स्कूली बच्चों को इस माहौल में असहजता और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। अभिभावकों का सवाल है कि यदि स्कूल बस स्टैंड ही सुरक्षित नहीं रहेगा, तो बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा?
पुलिस और वेकोलि प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग!
सुभाष नगर के नागरिकों और अभिभावकों ने पुलिस प्रशासन तथा वेकोलि प्रशासन से इस गंभीर समस्या पर तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। बस स्टैंड परिसर में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, रात के समय विशेष निगरानी रखने और सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर हंगामा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई जा रही है।
अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी अप्रिय घटना का इंतजार कर रहा है? स्कूली बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ा यह मामला है। इसलिए संबंधित प्रशासन को तत्काल कदम उठाकर स्कूल बस स्टैंड को शराबियों के कब्जे से मुक्त कराना चाहिए, ताकि यह स्थान फिर से विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए सुरक्षित बन सके।










