Home Breaking News इश्क, धोखा और ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश! प्रेमिका की एक सूचना ने...

इश्क, धोखा और ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश! प्रेमिका की एक सूचना ने खोल दिया 2.37 करोड़ के नशे के कारोबार का राज

59

इश्क, धोखा और ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश! प्रेमिका की एक सूचना ने खोल दिया 2.37 करोड़ के नशे के कारोबार का राज



नागपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7.5 किलो एमडी ड्रग्स बरामद; दिल्ली से नागपुर तक फैले नेटवर्क की जांच तेज


नागपुर ), 2 जून 2026।

नागपुर पुलिस ने शहर में नशे के कारोबार पर अब तक की सबसे बड़ी चोट करते हुए करोड़ों रुपये के ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। उप्पलवाड़ी इलाके में की गई एक गुप्त कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 7.5 किलो एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद माल, वाहन और अन्य सामग्री सहित कुल जब्ती का मूल्य लगभग 2.37 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

इस कार्रवाई के बाद ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मजहर अली अकबर अली (30) निवासी आजाद नगर, टेका नाका के रूप में हुई है।

प्रेम जाल से शुरू हुई कहानी, पुलिस तक पहुंची सूचना

मामले में एक दिलचस्प और सनसनीखेज पहलू भी सामने आया है। चर्चा है कि आरोपी ने एक युवती को प्रेम संबंधों में फंसाकर शादी का वादा किया था। बाद में युवती को पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है। कथित तौर पर इसी धोखे से नाराज होकर युवती ने आरोपी की गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाई।

हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह सफलता 15 दिनों तक चली तकनीकी निगरानी, खुफिया सूचना और गुप्त ऑपरेशन का परिणाम है।

दिल्ली से मध्यप्रदेश होते हुए नागपुर पहुंचता था जहर

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि ड्रग्स की खेप नई दिल्ली से सड़क मार्ग के जरिए मध्यप्रदेश होते हुए नागपुर लाई जाती थी। आरोपी ने उप्पलवाड़ी में किराए पर एक फ्लैट ले रखा था, जहां नशे का माल छिपाकर रखा जाता था।

जांच में यह भी पता चला है कि यह फ्लैट ड्रग्स सिंडिकेट के लिए “सेफ हाउस” और स्थानीय पेडलरों तक माल पहुंचाने के “डिलीवरी पॉइंट” के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था।

उत्तर प्रदेश से जुड़ रहे तार

पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसे यह ड्रग्स उत्तर प्रदेश के एक बड़े तस्कर से प्राप्त हुआ था। इसके बाद पुलिस ने पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ना शुरू कर दिया है।

नागपुर पुलिस की विशेष टीमें अब उत्तर प्रदेश और नई दिल्ली के लिए रवाना की गई हैं, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों और सरगनाओं तक पहुंचा जा सके।

करोड़ों का माल जब्त, तस्करों में मचा हड़कंप

पुलिस आयुक्त डॉ. रविंद्र कुमार सिंगल ने बताया कि उप्पलवाड़ी स्थित एसडीपीएल आश्रय इमारत में छापेमारी के दौरान एमडी ड्रग्स के अलावा दो मोबाइल फोन और एक सोनेट कार भी जब्त की गई है।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त संदीप पखाले के मार्गदर्शन में की गई। नागपुर पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से शहर और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क को करारा झटका लगा है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here