Home Breaking News चंद्रपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

चंद्रपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

82

चंद्रपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई



मई महीने में अवैध कारोबारियों पर चला कानून का डंडा, करोड़ों रुपये का माल जब्त


चंद्रपुर, 8 जून: जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चंद्रपुर पुलिस ने मई 2026 के दौरान व्यापक अभियान चलाते हुए शराब तस्करी, जुआ, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध पशु परिवहन, रेत चोरी और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान पुलिस ने करोड़ों रुपये का अवैध माल और वाहन जब्त कर कानून तोड़ने वालों पर शिकंजा कस दिया।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार पूरे महीने चलाए गए विशेष अभियान में सैकड़ों मामलों का खुलासा करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध सामग्री जब्त की गई।

शराब माफियाओं पर कड़ी कार्रवाई

पुलिस ने शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ 584 मामले दर्ज कर लगभग 45.90 लाख रुपये का माल जब्त किया। वहीं अवैध हाथभट्टी शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ 46 कार्रवाई कर 6.51 लाख रुपये का माल जब्त किया गया।

जुआ अड्डों और रेत माफियाओं पर पुलिस का शिकंजा

जिलेभर में जुआ अड्डों पर छापेमारी करते हुए 90 मामले दर्ज किए गए और 9.07 लाख रुपये जब्त किए गए। वहीं पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले रेत माफियाओं के खिलाफ 27 कार्रवाई करते हुए 3 करोड़ 34 लाख 85 हजार 500 रुपये मूल्य की रेत और वाहन जब्त किए गए।

अवैध पशु परिवहन पर बड़ी कार्रवाई

पुलिस ने पशु क्रूरता और अवैध पशु परिवहन के 9 मामलों में कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 27 लाख 15 हजार 600 रुपये का माल जब्त किया। इस दौरान 137 पशुओं को मुक्त कराया गया, 13 वाहन जब्त किए गए तथा 70 किलो मांस भी बरामद किया गया।

नशा तस्करों पर पुलिस का प्रहार

युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत 21 मामले दर्ज किए गए। पुलिस ने 6.78 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए, जिनमें 6.241 किलोग्राम गांजा, 130.99 ग्राम एमडी ड्रग और 2.267 किलोग्राम डोडा पाउडर शामिल है।

चोरी और प्रतिबंधित तंबाकू के खिलाफ भी कार्रवाई

वाहन चोरी के 10 मामलों का खुलासा करते हुए पुलिस ने 4.03 लाख रुपये कीमत की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। वहीं प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू के खिलाफ 12 कार्रवाई में 17.34 लाख रुपये का माल जब्त किया गया। कॉप्टा एक्ट के तहत 144 मामले दर्ज कर जुर्माना भी वसूला गया।

अवैध हथियार रखने वालों पर भी गिरी गाज

आर्म्स एक्ट के तहत 9 कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पिस्तौल, बंदूक, तलवार, चाकू और खंजर समेत कई घातक हथियार जब्त किए। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

पुलिस की नागरिकों से अपील

चंद्रपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं अवैध शराब बिक्री, जुआ, मादक पदार्थों की तस्करी, रेत चोरी या अन्य किसी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध कारोबार का पूरी तरह सफाया करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here