वणी में कथित कोयला घोटाले की जांच की मांग, कांग्रेस नेता अरबाज खान ने पुलिस को सौंपा ज्ञापन
इकोना कोयला खदान से गुजरात भेजे जा रहे कोयले में कथित हेराफेरी का आरोप, निष्पक्ष जांच नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
वणी /यवतमाल वणी के पूर्व कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के तालुका अध्यक्ष अरबाज खान ने इकोना (Ikona) कोयला खदान, वरोरा तथा एफसीआई कोल प्लॉट (लाल पुलिया), वणी में कथित कोयला हेराफेरी के मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर वणी पुलिस निरीक्षक को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन की प्रतिलिपि एसडीपीओ वणी तथा पुलिस अधीक्षक यवतमाल को भी भेजी गई है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि इकोना कोयला खदान से गुजरात भेजे जाने वाले उच्च गुणवत्ता वाले कोयले को रास्ते में एफसीआई कोल प्लॉट, लाल पुलिया, वणी में उतारकर उसकी जगह धूल और निम्न गुणवत्ता वाला मिश्रित कोयला ट्रकों में भरकर गुजरात भेजा जा रहा है। इससे सरकारी राजस्व और वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) की छवि को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है।
अरबाज खान ने यह भी आरोप लगाया कि इस कथित मामले में कुछ डब्ल्यूसीएल अधिकारियों-कर्मचारियों, एफसीआई कोल प्लॉट प्रबंधन तथा कुछ परिवहनकर्ताओं की मिलीभगत होने की चर्चा क्षेत्र में है। उन्होंने कहा कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जाए तो वास्तविकता सामने आ सकती है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इससे पहले भी एफसीआई से संबंधित एक गेटपास वाले ट्रक को पकड़े जाने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन उस मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसलिए इस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच आवश्यक है।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें
पूरे मामले की तत्काल और निष्पक्ष जांच की जाए।
संबंधित स्थल के सीसीटीवी फुटेज, गेटपास, परिवहन रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच की जाए।
यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
सरकारी राजस्व और डब्ल्यूसीएल के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
अरबाज खान ने चेतावनी दी है कि यदि इस मामले में समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी की ओर से वणी तहसील कार्यालय के सामने लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।