मूसलाधार बारिश के बीच भी ‘महाराजस्व अभियान’ को मिला जबरदस्त जनसमर्थन
चंद्रपुर तहसील कार्यालय का आयोजन, एक ही स्थान पर मिली सरकारी सेवाएं; विधायक किशोर जोरगेवार ने किया शुभारंभ
——————————————— चंद्रपुर :22 जुलाई राज्य सरकार की पहल पर नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित ‘छत्रपति शिवाजी महाराज महाराजस्व अभियान’ को चंद्रपुर में भारी बारिश के बावजूद नागरिकों का उत्साहपूर्ण प्रतिसाद मिला। चंद्रपुर तहसील कार्यालय की ओर से शहर के गांधी चौक में आयोजित इस मेगा शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया।
अभियान का शुभारंभ विधायक किशोर जोरगेवार ने छत्रपति शिवाजी महाराज एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय अजित पवार के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर मनपा आयुक्त अकुनुरी नरेश, उपविभागीय अधिकारी विशालकुमार मेश्राम, उपजिलाधिकारी शुभम दांडेकर, तहसीलदार विजय पवार सहित अनेक अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक किशोर जोरगेवार ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में राज्य सरकार नागरिकों को सरकारी सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के कई चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब इस अभियान के माध्यम से विभिन्न प्रमाणपत्र और योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 से पहले के अतिक्रमणधारकों को भूमि पट्टे देने की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। पात्र नागरिक जल्द से जल्द अपने दस्तावेज पूरे करें तथा जिन लोगों को योजनाओं का लाभ मिला है, वे अन्य लोगों को भी सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर लाभ लेने के लिए प्रेरित करें।
विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मिला लाभ
शिविर में जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक की ओर से कई महिला स्वयं सहायता समूहों को ऋण स्वीकृति प्रमाणपत्र वितरित किए गए। इसके अलावा लक्ष्मी मुक्ति योजना, जीवंत सातबारा, श्रवणबाल योजना, संजय गांधी निराधार योजना तथा राशन कार्ड वितरण सहित अनेक योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
गोंडपिपरी में भी आयोजित हुआ अभियान
गोंडपिपरी तहसील के राळापेठ में भी ‘छत्रपति शिवाजी महाराज महाराजस्व समाधान शिविर’ का आयोजन किया गया। विधायक देवराव भोंगळे और उपविभागीय अधिकारी आनंद जाधव की उपस्थिति में 324 किसानों की भूमि को भोगवटादार वर्ग-2 से वर्ग-1 में परिवर्तित कर 7/12 दस्तावेज वितरित किए गए। साथ ही महिला एवं बाल विकास, कृषि विभाग, सेतु केंद्र तथा श्रवणबाल एवं संजय गांधी निराधार योजनाओं के तहत भी लाभार्थियों को विभिन्न सुविधाएं प्रदान की गईं।