चंद्रपुर में पहली बार ड्रग तस्करों पर MCOCA की कड़ी कार्रवाई
नशे का नेटवर्क चलाने वाले सराईत गिरोह पर पुलिस का शिकंजा; 21 गंभीर अपराधों का रिकॉर्ड
चंद्रपुर, 5 सितंबर 2026।
चंद्रपुर शहर में मादक पदार्थों का जाल फैलाने और शरीर के विरुद्ध गंभीर अपराधों में लगातार सक्रिय एक सराईत गिरोह के खिलाफ चंद्रपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चंद्रपुर जिला पुलिस के इतिहास में पहली बार मादक पदार्थ विक्रेताओं के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून-1999 (MCOCA) के तहत कार्रवाई की गई है।
मामला रामनगर पुलिस थाना अपराध क्रमांक 980/2026 से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(क), 20(b)(ii)(b) और 29 के तहत मादक पदार्थों की अवैध बिक्री का मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि संबंधित गिरोह के सदस्यों के खिलाफ मादक पदार्थ तस्करी के साथ-साथ शरीर के विरुद्ध मारपीट एवं अन्य गंभीर अपराधों के कुल 21 मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में आरोपी सराईत अपराधियों के रूप में दर्ज हैं।
गिरोह की संगठित आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चंद्रपुर पुलिस की ओर से विशेष पुलिस महानिरीक्षक, नागपुर परिक्षेत्र के समक्ष MCOCA के तहत कार्रवाई का विस्तृत प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था।
प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद विशेष पुलिस महानिरीक्षक, नागपुर परिक्षेत्र द्वारा संबंधित अपराध में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून (MCOCA) 1999 की धारा 3(1)(ii), 3(2) और 3(4) लागू करने की अनुमति प्रदान की गई।
इसके बाद 4 सितंबर 2026 को संबंधित सभी आरोपियों के खिलाफ MCOCA की धाराएं बढ़ाते हुए कानूनी कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई को चंद्रपुर शहर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगाम कसने की दिशा में पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, अपर पुलिस अधीक्षक ईश्वर कातकाडे तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी प्रमोद चौगुले के मार्गदर्शन में की गई। रामनगर पुलिस थाना की पुलिस निरीक्षक प्रभावती एकुरके तथा उनके डी.बी. पथक के पुलिस जवानों ने कार्रवाई को अंजाम दिया।










